Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

काठमांडू, 19 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल में जेन-जी प्रदर्शन के दौरान मारे गए प्रदर्शनकारियों के परिवारों ने रविवार को प्रधानमंत्री कार्यालय, सिंहदरबार के गेट पर धरना दिया। करीब 20 शहीदों के परिवारों के सदस्य इस धरने में शामिल हुए। मासिक जीवन-निर्वाह भत्ता देने के मंत्रिपरिषद के निर्णय को लागू न किए जाने के विरोध में यह शहीद परिवार आंदोलनरत हुए हैं।
जेन-जी शहीद परिवार कल्याणकारी समाज समिति के सचिव रोशन गौतम के अनुसार विभिन्न मंत्रालयों के चक्कर काटने के बाद मजबूर होकर उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय के सामने ही धरना देना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब कभी इस मंत्रालय तो कभी उस मंत्रालय दौड़ते रहना ही काम रह गया है। फाइल लेकर भटकने की स्थिति आने के बाद हमने यहीं प्रधानमंत्री कार्यालय में धरना देने का निर्णय लिया। गौतम ने कहा कि फाइल लेकर मंत्रालयों में घूमते रहने के बजाय हमने प्रधानमंत्री कार्यालय में ही आवाज उठाने का निष्कर्ष निकाला है। उनका आरोप है कि मंत्रिपरिषद का निर्णय होने के बावजूद अब तक जीवन-निर्वाह भत्ते की राशि जारी करने की कानूनी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है।
इससे पहले शहरी विकास मंत्रालय ने 2 तारीख तक रकम भेजने का आश्वासन दिया था, लेकिन मंत्री और उनके निजी सचिवों द्वारा फोन न उठाए जाने के बाद शहीद परिवार सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंच गए। शहीद परिवारों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्णय को तुरंत लागू नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री कार्यालय में ही धरना जारी रखेंगे और मांगें पूरी न होने पर और कड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास