Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

काठमांडू, 19 अप्रैल (हि.स.)। नेपाली संसद के उच्च सदन राष्ट्रीय सभा के अध्यक्ष नारायण प्रसाद दाहाल और ऑस्ट्रेलिया की संसद के स्पीकर मिल्टन डिक के बीच इस्तांबुल में शिष्टाचार भेंट हुई है। वे दोनों तुर्किये में जारी अंतर-व्यवस्थापिका संघ की 152वीं महासभा में भाग लेने के लिए वहां पहुंचे थे।
अध्यक्ष दाहाल के सचिवालय के अनुसार मुलाकात में नेपाल और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय संबंध, आपसी हित और संसदीय सहयोग के विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अध्यक्ष दाहाल ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया लंबे समय से नेपाल के विकास और समृद्धि में सहयोग करता आ रहा है। उन्होंने भविष्य में भी और अधिक सहयोग तथा साझेदारी के लिए आग्रह किया।
इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के स्पीकर मिल्टन डिक ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और नेपाल के संबंध पहले से ही बेहद सौहार्दपूर्ण रहे हैं और संसदीय सहयोग से दोनों देशों के रिश्ते और अधिक गहरे व मजबूत होंगे। इस मुलाकात में नेपाली संसदीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से राष्ट्रीयसभा के सदस्य कृष्ण बहादुर रोकाया, डॉ. अञ्जान शाक्य और राष्ट्रीय सभा के सचिव तुल बहादुर कँडेल सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास