Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा मुरादाबाद जिला इकाई ने परशुराम चौक पर किया हवन-पूजन
मुरादाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, जिला मुरादाबाद द्वारा अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान श्री परशुराम जी के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में बुद्धि विहार स्थित परशुराम चौक पर हवन-पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष विमलेंद्र शर्मा ‘विमल’ ने कहा कि कलियुग में भगवान परशुराम, भगवान कल्कि के गुरु के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विमलेंद्र शर्मा ‘विमल’ ने आगे बताया कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं। उनका प्रारंभिक नाम ‘राम’ था, किंतु भगवान शिव से परशु (फरसा) प्राप्त होने के बाद वे ‘परशुराम’ के नाम से विख्यात हुए। उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम त्रेता और द्वापर युग में विभिन्न रूपों में प्रकट हुए। त्रेता युग में उन्होंने भगवान राम को दिव्य शक्तियां प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाया, वहीं द्वापर युग में महाभारत काल के महान योद्धा कर्ण को धनुर्विद्या का ज्ञान दिया, जिससे उनका नाम अमर हो गया।
उन्होंने आगे कहा कि कलयुग में भगवान परशुराम, भगवान कल्कि के गुरु के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और अपने आशीर्वाद से अधर्म का नाश तथा धर्म की स्थापना सुनिश्चित करेंगे।
हवन प्रमुख प्रदीप प्रभाकर शर्मा ने बताया कि परशुराम चौक की स्थापना नगर निगम की बैठक में प्रस्ताव के रूप में पास कराकर की गई जिसमें बुद्धि विहार निवासी वीरेंद्र शर्मा विमल का विशेष योगदान रहा। वर्ष 2022-23 में छोटी दीपावली के दिन भगवान परशुराम जी की मूर्ति का अनावरण किया गया था जिसमें बुद्धि विहार के निवासी डॉ प्रदीप शर्मा, विमलेंद्र विमल, सत्येंद्र शर्मा, अनिल कुमार शर्मा महेश चंद शर्मा उपेंद्र शर्मा, धवल दिक्षित विचित्र मोहन शर्मा, नवम शर्मा, संदीप शर्मा, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, स्वर्गीय अरुण शर्मा, एचके शर्मा अक्षय शर्मा इत्यादि के सहयोग से भव्य रूप से स्थापना की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल