Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


जयपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा और सुनियोजित अभियान चलाते हुए मेगा ऑपरेशन अंजाम दिया। राहुल प्रकाश (महानिरीक्षक पुलिस, जयपुर रेंज) के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में 62 टीमों का गठन कर 278 पुलिसकर्मियों को मैदान में उतारा गया। पुलिस ने एक साथ 364 स्थानों पर दबिश देकर कुल 122 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
महानिरीक्षक पुलिस राहुल प्रकाश ने बताया कि अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रजनीश पूनियां, शाहपुरा के रणवीर सिंह और दूदू के शिवलाल बैरवा सहित वरिष्ठ अधिकारियों के सुपरविजन में की गई। अभियान के दौरान संवेदनशील और चिन्हित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर, जघन्य अपराधों के वांछित आरोपित, सामान्य मामलों के फरार आरोपित, 55 गिरफ्तारी वारंटी, 9 स्थायी वारंटी/पीओ सहित 2 एनडीपीएस व अवैध शराब मामलों के आरोपियों को पकड़ा। इसके अलावा अवैध कारोबार पर भी सख्त प्रहार किया गया। अवैध शराब के 6 नए मामले दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एनडीपीएस एक्ट के 2 प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा 5.3 ग्राम स्मैक बरामद की गई। अवैध खनन के 2 मामलों में 3 आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि अन्य अधिनियमों के 9 मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही शांति भंग के 26 आरोपियों को बीएनएसएस 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।
इस अभियान में विभिन्न थानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। फुलेरा थाना 18 गिरफ्तारियों के साथ सबसे आगे रहा। इसके अलावा शाहपुरा (13), चंदवाजी (9), गोविंदगढ़ (9), कालाडेरा (8), सांभरलेक (8) और रेनवाल (7) थानों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इस बड़े अभियान से स्पष्ट है कि जयपुर ग्रामीण पुलिस अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। एक ही दिन में 122 आरोपियों की गिरफ्तारी से अपराधियों में खौफ का माहौल बना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश