Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 19 अप्रैल (हि.स.)। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र के श्याम नगर के लिए राहत भरी खबर दी है। उन्होंने रविवार को बताया कि स्वर्णरेखा नदी के किनारे शंकोसाई स्थित श्याम नगर में उस स्थान पर स्लुइस गेट का निर्माण कराया जाएगा, जहां बरसात के दौरान नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर नाले के माध्यम से निचले इलाकों में घुसकर हर साल जलजमाव और बाढ़ की स्थिति पैदा करता है।
सरयू राय ने बताया कि इस समस्या को देखते हुए उन्होंने स्वर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता के समक्ष स्लुइस गेट निर्माण का प्रस्ताव रखा था। इसके साथ ही मानगो पुल से लेकर गौड़ बस्ती तक नदी के किनारे को मजबूत करने की योजना भी सुझाई गई थी, ताकि कटाव रोका जा सके और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी हो।
उन्होंने बताया कि दोनों योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर स्वर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता ने इसे रांची स्थित जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख के पास स्वीकृति के लिए भेज दिया है। प्रस्ताव के अनुसार, श्याम नगर में स्लुइस गेट निर्माण पर लगभग 2 करोड़ 38 लाख 60 हजार रुपये और मानगो पुल से गौड़ बस्ती तक नदी तट सुदृढ़ीकरण पर करीब 9 करोड़ 41 लाख रुपये खर्च होंगे।
सरयू राय ने कहा कि इस संबंध में उनकी बातचीत विभाग के अभियंता प्रमुख एम.एल. पिंगुआ से हुई है, जिन्होंने जल्द ही सरकार से स्वीकृति और राशि आवंटन का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन योजनाओं के लागू होने से श्याम नगर क्षेत्र को बाढ़ और जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा नदी किनारे का विकास भी होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक