Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चतरा, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित गिद्धौर मिलन चौक के समीप रविवार को ब्राह्मण समाज की ओर से भगवान परशुराम जयंती श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्ति वाचन, गणेश वंदना, दीप प्रज्वलन एवं शंखनाद के साथ हुई।
आयोजन की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष संजय पांडे ने की, जबकि संचालन झारखंड ब्राह्मण समाज के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य यदुनंदन पांडे ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन, उनके आदर्शों एवं समाज के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य यदुनंदन पांडे ने कहा कि भगवान परशुराम सत्य, साहस, धर्म और न्याय के प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज को अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने तथा सदैव धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भगवान परशुराम के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही समाज की एकता, शिक्षा और संगठन को मजबूत करने पर भी बल दिया गया। मौके पर बैजनाथ पांडे, बनवारी पांडे, रामजतन पांडे, मुनि पांडे, नैतिक कुमार पांडे, महावीर पांडे, टिकम पांडे कई लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी