Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 19 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 को लेकर मेदिनीनगर में बनाये गए आठ में से चार परीक्षा सेंटर का जिले के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने निरीक्षण किया।
इस क्रम में दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर मौजूद तमाम सुविधाओं की जानकारी ली और कदाचार मुक्त परीक्षा को लेकर केंद्राधीक्षक को उचित दिशा निर्देश दिए। उनके साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा भी मौजूद थी।
जनता शिवरात्रि इंटर कॉलेज बैरिया के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त एवं एसपी ने कहा कि परीक्षा को लेकर जारी की गई गाइडलाइन का पालन पूरी तरह से किया जा रहा है। कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह संकल्पित है। विधि व्यवस्था को लेकर किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। सारे नियमों का पालन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक संपन्न हो चुकी है। द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 3:00 से लेकर शाम के 5:00 तक हुई। इसके लिए जनता शिवरात्रि इंटर कॉलेज बैरिया, बीएन इंटर कॉलेज हमीदगंज, जीएलए कॉलेज, राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय जिला स्कूल, राजकीय कृत ब्राह्मण प्लस टू उच्च विद्यालय, योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज, राजकीय बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय केजी स्कूल एवं राजकीय कृत गिरवर प्लस टू उच्च विद्यालय मेदिनी नगर में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार