Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 19 अप्रैल (हि.स.)।
जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो गांव के भुइयां राजा टोले के कुएं से रविवार एक युवती का शव बरामद हुआ। युवती की पहचान इसी थाना क्षेत्र के नेउरा निवासी तस्लीम अंसारी की पुत्री महजद्दीना खातून (२०) के रूप में की गई है। युवती तीन दिनों से लापता थी। वह परिजनों को बिना बताए चांदो गांव में प्रेमी से मिलने गई थी। हत्या के बाद कुएं में शव फेंके जाने की आशंका व्यक्त की गई है। पुलिस मामले को संदिग्ध मौत मानकर जांच में जुटी है।
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर में भेज दिया। चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से अब तक लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला परिषद सदस्य फजायल अहमद ने बताया कि युवती 16 अप्रैल से लापता थी। इस संबंध में उसके पिता ने 17 अप्रैल को चैनपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। रविवार को सूचना मिली कि चांदो गांव के एक कुएं में युवती का शव पड़ा है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रेम संबंध के कारण हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।
बताया जाता है कि युवती के प्रेमी की शादी हो रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर वह परिजनों को बिना बताए प्रेमी से मिलने गई थी। प्रेमी के घर से पहले उसका शव मिला।
इधर, घटना के बाद से प्रेमी और उसके परिजन घर बंद कर फरार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार