Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बहराइच,19 अप्रैल (हि.स.)। अक्षय तृतीया के अवसर पर जिले में स्थान-स्थान पर भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम का जन्माेत्सव मनाया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। नगर व ग्रामीण अंचलों में आयोजित इस कार्यक्रम में तमाम श्रद्धालुओं ने भाग लिया एवं भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर हवन-पूजन किया। वहीं पयागपुर में सवर्ण आर्मी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह एवं बरेली के पूर्व नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री भी शामिल हुए।
परशुराम सेवा प्रकोष्ठ द्वारा एक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा मरी माता मन्दिर से प्रारम्भ होकर रमपुरवा स्थित परशुराम मन्दिर तक पहुँची। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने ढोल भांगड़े की धुन पर जमकर नृत्य किया और जय परशुराम के गगनभेदी नारे भी लगाए। शोभायात्रा के दौरान पूरा मार्ग भगवान परशुराम के जयकारे से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। स्थान-स्थान पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। रमपुरवा स्थित मन्दिर पहुँचने पर श्रद्धालुओं ने विधि विधान से पूजा-अर्चना और हवन-पूजन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम से समाज की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
इससे पूर्व भगवान परशुराम मंदिर में क्षेत्रीय विधायक सुरेश्वर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य भगवान परशुराम की आराधना की।
पूर्व महसी विधायक के के ओझा ने भी पूरे परिवार सहित परशुराम मन्दिर में पहुँचकर पूजन किया एवं भगवान महादेव का अभिषेक भी किया।
दूसरी तरफ पयागपुर में सवर्ण आर्मी मुखिया सर्वेश पाण्डेय द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भ्ाी इसअवसर पर उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों को सम्बोधित भी किया। कार्यक्रम में बरेली के पूर्व नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री भी शामिल हुए। भीड़ के मध्य उन्होंने जय परशुराम के नारे भी लगाए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी,निशंक त्रिपाठी ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA