Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। सड़क सुरक्षा को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। 18 अप्रैल की रात 9 बजे से 12 बजे तक चले विशेष संयुक्त चेकिंग ड्राइव में 269 चालकों को शराब पीकर वाहन चलाते पकड़ा गया, जबकि 38 वाहनों को जब्त किया गया।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, यह अभियान सभी रेंज में एक साथ चलाया गया, जिसमें स्थानीय पुलिस और पीसीआर की टीमें भी शामिल रहीं। तीन घंटे तक चले इस विशेष ऑपरेशन में दोपहिया, कार, भारी वाहन, हल्के वाहन, ऑटो समेत सभी तरह के वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में नशे में ड्राइविंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक 7,478 चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें से 6,844 के चालान किए गए हैं। जबकि 634 वाहनों को जब्त किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा मामले दोपहिया चालकों के सामने आए हैं, जिनकी संख्या 4,906 है, जबकि कार चालकों के 908 मामले दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना सड़क हादसों का एक बड़ा कारण है और इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। विशेष चेकिंग ड्राइव का मकसद न सिर्फ नियमों का पालन सुनिश्चित करना है, बल्कि लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि नशे में ड्राइविंग के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई है और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि शराब पीने के बाद वाहन न चलाएं और जरूरत पड़ने पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट या ड्राइवर की व्यवस्था करें, ताकि खुद की और दूसरों की जान सुरक्षित रखी जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी