Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सजौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनियारपुर गांव में रविवार को सांप के काटने से एक 12 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रतन कुमार सिंह के पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आयुष घर के पास खेल रहा था, तभी अचानक सांप ने उसे काट लिया। कुछ ही देर में उसके पैर से खून निकलने लगा। दादा की नजर पड़ने पर परिजनों को सूचना दी गई। जिसके बाद पिता उसे तुरंत मोटरसाइकिल से मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजन का आरोप है कि अस्पताल में समय पर समुचित इलाज नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि न तो सही तरीके से उपचार किया गया न जरूरी इंजेक्शन दिया गया और न ही एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। इसी लापरवाही के कारण बच्चे की मौत हो गई। अस्पताल में पिता अपने बेटे को गोद में लेकर इधर-उधर भटकते नजर आए। जिससे वहां का माहौल गमगीन हो गया। आयुष चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और उसके पिता राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर