Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


देवरिया, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रविवार की शाम तक अक्षय तृतीया पर्व को देखते हुए शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के नेतृत्व में सलेमपुर कस्बा क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त किया गया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार एवं थाना सलेमपुर पुलिस बल भी मौजूद रहा। पुलिस टीम ने कस्बे के प्रमुख स्थानों—ओवरब्रिज, सोहनाग मोड़, एसबीआई बैंक, बापू इंटर कॉलेज, सलहाबाद और सुगही समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करने की अपील की।
इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह के पैदल गश्त का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, अपराधियों पर नियंत्रण रखना और पुलिस-जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना हैं ।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक