Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के दौरान स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार काे जारी बयान में कहा कि अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर दोनों धामों के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। सरकार की ओर से यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मंत्री ने यात्रियों से आग्रह किया कि वे यात्रा के दौरान क्यूआर कोड युक्त पंजीकरण पास और आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ रखें। 50 वर्ष से अधिक आयु या बीमार व्यक्तियों को यात्रा से पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्गों पर 108 एम्बुलेंस सेवाएं तैनात की गई हैं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सतपाल महाराज ने कहा कि गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम में तापमान कम रहता है और रात में शून्य डिग्री तक गिर सकता है, इसलिए यात्रियों को गर्म कपड़े, जैकेट, टोपी और अन्य आवश्यक वस्तुएं साथ रखने की आवश्यकता है। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम के अचानक परिवर्तन को देखते हुए रेनकोट या छाता साथ रखने की भी सलाह दी गई है।
उन्होंने धामों की पवित्रता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि यात्रा स्थलों पर शराब और मांसाहार पूर्णतः प्रतिबंधित है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्लास्टिक और अन्य कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।
मंत्री ने बताया कि आपातकालीन स्थिति के लिए आपदा कंट्रोल रूम 1070, 1077, पुलिस हेल्पलाइन 112, मेडिकल 108 और चारधाम हेल्पलाइन 0135-1364 नंबर जारी किए गए हैं, जिनका उपयोग आवश्यकतानुसार किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय