जांजगीर-चांपा पुलिस की अनूठी पहल: सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों का सम्मेलन आयोजित, कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
जांजगीर-चांपा, 19 अप्रैल (हि. स.)। जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। इसके तहत पुलिस लाइन जांजगीर में आज जिले के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारिय
जांजगीर-चांपा पुलिस की अनूठी पहल: सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों का सम्मेलन आयोजित, कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर


जांजगीर-चांपा, 19 अप्रैल (हि. स.)। जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। इसके तहत पुलिस लाइन जांजगीर में आज जिले के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें कुल 41 सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों ने भाग लिया।

यह आयोजन प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सम्मेलन के दौरान प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने सभी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया, उनका परिचय लिया और उनके क्षेत्रों की समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।

बैठक में जिले में कानून-व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी एसपी ने सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध या गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

सम्मेलन में साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही, सभी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को एक मंच पर जोड़ने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने की पहल की गई, जिससे सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान हो सके और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो।

इस पहल को पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सम्मेलन के माध्यम से सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के अनुभवों का लाभ उठाकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम तथा रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT