Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 19 अप्रैल (हि.स.)। किशनगंज में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में बुलडोजर चलाकर बालू खनन माफियाओं पर शिकंजा कसा। इस दौरान अवैध बालू खनन में उपयोग की जा रही दर्जनों जुगाड़ नावों को ध्वस्त कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के बेलवा गांव स्थित डोंक नदी और महानंदा नदी के बेलवा टेंगरमारी व अमलझारी इलाके में लंबे समय से अवैध बालू खनन का धंधा चल रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों और हाल ही में प्रकाशित खबर के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए संयुक्त कार्रवाई की। जिला खनन पदाधिकारी प्रणव कुमार प्रभाकर ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
प्रशासन की टीम को देखते ही अवैध खनन में लगे लोग मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने नदी किनारे लगी दर्जनों जुगाड़ नावों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया। बताया जाता है कि इससे पहले मार्च महीने में भी एसडीएम अनिकेत कुमार और खनन विभाग की टीम ने बड़े स्तर पर छापेमारी की थी। उस दौरान चचरी को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया था और कई नावों को नष्ट किया गया था। अवैध बालू खनन से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है। साथ ही नदी किनारे बसे गांवों में कटाव का खतरा भी बढ़ गया है। लगातार बालू निकासी के कारण महानंदा नदी का कटाव तेज हो गया है, जिससे कई किसानों की उपजाऊ जमीन नदी में समा चुकी है और बाढ़ का जोखिम बढ़ गया है। इसके अलावा अवैध बालू के परिवहन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली के लगातार आवागमन से ग्रामीण सड़कों को भी नुकसान पहुंच रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसडीएम अनिकेत कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन और उसके परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू खनन में लगे माफियाओं में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने और माफियाओं को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह