Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू 19 अप्रैल (हि.स.)। आर.एस. पुरा के इंदर गांव में स्वर्गीय लाला सैंन दास गुप्ता (पूर्व एमएलसी) और स्वर्गीय विद्या देवी की स्मृति में आयोजित बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट का आज भव्य समापन हुआ। 17 दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट में कुल 64 मुकाबले खेले गए, जिनमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों और स्थानीय टीमों ने भाग लेकर खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में टीम धिंडे कलां और टीम भौर कैंप के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः टीम धिंडे कलां ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। जीत के बाद मैदान में मौजूद दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ विजेता टीम का उत्साहवर्धन किया।
विजेता टीम को 51,000 रूपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम भौर कैंप को 21,000 रूपये का पुरस्कार दिया गया। फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नवदीप सिंह को “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया और उन्हें 5,000 रूपये की नकद राशि प्रदान की गई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह टूर्नामेंट जय दुर्गा ट्रेडर्स, आर.एस. पुरा (सिनेमा वाले) द्वारा रमन गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा