Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू 19 अप्रैल (हि.स.)। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष आदि गुरु आदि शंकराचार्य जी की जयंती 21 अप्रैल, मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि आदि शंकराचार्य जी का जन्म वैशाख शुक्ल पंचमी के पावन दिन हुआ था। मात्र आठ वर्ष की आयु में उन्होंने गृहस्थ जीवन का त्याग कर संन्यास मार्ग अपनाया और अल्प आयु में ही अद्वैत वेदांत के सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार कर हिंदू धर्म के पुनरुत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि शंकराचार्य जी ने देश के चारों दिशाओं में मठों की स्थापना कर भारतीय संस्कृति और धर्म की ध्वजा को सुदृढ़ किया। मान्यता के अनुसार वे भगवान शिव के अवतार माने जाते हैं और उन्होंने मात्र 32 वर्ष की आयु में मोक्ष प्राप्त किया। उन्होंने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अपील की कि वे पौधारोपण करें और कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पेड़ों की अंधाधुंध कटाई के कारण पर्यावरण को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है, जिसे सामूहिक प्रयासों से ही रोका जा सकता है।
देश-विदेश में इस दिन मठों और मंदिरों को सजाया जाता है तथा हवन, यज्ञ और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालु आदि गुरु शंकराचार्य जी के उपदेशों पर चलने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने लोगों से इस दिन जरूरतमंदों की सहायता करने और दान-पुण्य करने की भी अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा