Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


जेसीबी व फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके
पर पहुंच पाया आग पर काबू
हांसी, 19 अप्रैल (हि.स.)। नगर परिषद के बीड़
फॉर्म स्थित डंपिंग स्टेशन पर पड़े कचरे के देर में रविवार दोपहर को भयंकर आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कूड़े के ढेर से उठती आग की लपटों व
धुएं को देखकर आसपास के किसानों के हाथ पांव फूल गए और उन्होंने तुरंत डायल 112 व दमकल
विभाग को कूड़े के ढेर में लगी सूचना दी। दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले किसानों ने
अपने स्तर पर कूड़े के ढेर में लगी आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कचरे में आग इतनी
जबरदस्त तरीके से लगी हुई थी कि किसानों के प्रयास कम पड़ गए।
सूचना मिलने के कुछ समय बाद ही डायल 112 पुलिस
कर्मचारियों की टीम व फायर ब्रिगेड की गाड़ी जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची लेकिन
फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी से कूड़े में लगी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद
दमकल विभाग की एक-एक करके तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और कूड़े के ढेर में लगी आग
पर काबू पाया। नगर परिषद द्वारा जेसीबी मशीन से कुड़े के ढेर के चारों ओर गड्डे खोद
आग को फैलने से रोका गया।
इस अवसर पर मौजूद आसपास के किसानों ने बताया
कि उन्होंने इस डंपिंग स्टेशन को हटाने को लेकर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड से लेकर प्रधानमंत्री
तक शिकायत दे रखी है। इसके अलावा एनजीटी कोर्ट में भी डंपिंग स्टेशन हटाने को लेकर
मामला विचाराधीन है।
डंपिंग स्टेशन हटाओ संघर्ष समिति के प्रधान डॉक्टर
संदीप चहल ने बताया कि डंपिंग स्टेशन के आसपास नजदीकी एरिया में करीब 1000 एकड़ गेहूं
की पकी हुई फसल तैयार खड़ी है। डंपिंग स्टेशन पर धुआं उठते देख आसपास के सैंकड़ों किसानों
की सांस फूल जाती है। उन्होंने कहा कि डंपिंग स्टेशन पर रोजाना आग लगने की घटना से
घबराए हुए किसानों ने आनन फानन में गेहूं निकालने शुरू कर दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर