भगवान श्री परशुराम जयंती पर कठुआ में निकली भव्य शोभा यात्रा
कठुआ, 19 अप्रैल (हि.स.)। भगवान श्री परशुराम जन्म महोत्सव के उपलक्ष्य में श्री ब्राह्मण सभा कठुआ परिसर में पिछले सात दिनों से चल रहा कार्यक्रम रविवार को अक्षय तृतीया एवं परशुराम जयंती के पावन अवसर पर भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन अवसर पर सात दिवसीय
A grand procession was taken out in Kathua on the occasion of Lord Shri Parshuram Jayanti.


कठुआ, 19 अप्रैल (हि.स.)। भगवान श्री परशुराम जन्म महोत्सव के उपलक्ष्य में श्री ब्राह्मण सभा कठुआ परिसर में पिछले सात दिनों से चल रहा कार्यक्रम रविवार को अक्षय तृतीया एवं परशुराम जयंती के पावन अवसर पर भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन अवसर पर सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के पूर्णाहुति के साथ एक विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया गया।

शोभा यात्रा श्री ब्राह्मण सभा कठुआ से शुरू होकर मुखर्जी चैक, शहीदी चैक, भगवान श्री परशुराम चैक, ड्रीमलैंड पार्क, कैप्टन सुनील चैधरी चैक, ओल्ड बस स्टैंड और जराई चैक से होते हुए पुनः सभा परिसर में संपन्न हुई। पूरे शहर में “परशुराम जी की जय” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। शोभा यात्रा में भगवान श्री परशुराम की वेशभूषा में सजे रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही भगवान श्री राम, लक्ष्मण और माता सीता की झांकी भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करती नजर आई। श्रद्धालु नाचते-गाते और भक्ति में झूमते हुए यात्रा में शामिल हुए, वहीं महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।

इस अवसर पर कठुआ के उपायुक्त राजेश शर्मा और जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों ने श्रद्धालुओं को परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए ऐसे धार्मिक आयोजनों को समाज में एकता और सद्भाव का प्रतीक बताया। श्रीमद्भागवत कथा के कथावाचक कुलदीप शास्त्री (अखनूर वाले) भी शोभा यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों द्वारा पानी, जूस एवं खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए, जिससे श्रद्धालुओं की सेवा की गई। विशेष बात यह रही कि शोभा यात्रा में विभिन्न धर्मों के लोगों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे और एकता की मिसाल पेश की। अंत में श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता एवं कार्यकारिणी ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और स्टॉल लगाने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभा परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया