जिले में 3341 ने दी परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा
धमतरी, 19 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ व्यापमं द्वारा आज रविवार को परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा हुई। भर्ती परीक्षा में परिवहन विभाग से जुड़े सवालों ने अभ्यर्थियों को खूब उलझाया। जिले के 20 परीक्षा केंद्रों में एक पाली में सीजी व्यापमं द्वारा परिवहन आरक
परीक्षा केंद्र शासकीय नारायणराव मेघावाले कन्या महाविद्यालय में पहुंचे परीक्षार्थी।


धमतरी, 19 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ व्यापमं द्वारा आज रविवार को परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा हुई। भर्ती परीक्षा में परिवहन विभाग से जुड़े सवालों ने अभ्यर्थियों को खूब उलझाया। जिले के 20 परीक्षा केंद्रों में एक पाली में सीजी व्यापमं द्वारा परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा को लेकर कड़े नियम लागू किए गए थे जिसके चलते सुबह नौ बजे से ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की कतार लग गई थी।

निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने वाले कई अभ्यर्थियों को परीक्षा से वंचित होना पड़ा। अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने की अनुमति थी। वहीं गहरे रंग काला, जामुनी, मैरून, बैंगनी, गहरा नीला, हरा और चाकलेटी रंग के कपड़े, जूते, बेल्ट, घड़ी व इलेक्ट्रानिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित थे। इसके बावजूद कई अभ्यर्थी नियमों के विपरीत कपड़े पहनकर पहुंचे जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार जिले के 20 परीक्षा केंद्रों में परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। इसमें पंजीकृत कुल 5219 में 3341 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 1878 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नौ परीक्षा केंद्रों में 100 से अधिक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिसमें बीसीएस पीजी कालेज धमतरी में 138, एनआरएम शासकीय कन्या महाविद्यालय में 141, डा शोभाराम देवांगन स्कूल धमतरी में 107, शिव सिंह वर्मा स्कूल में 137, नत्थूजी जगताप स्कूल में 124, सेजेस बठेना में 101, शासकीय उ मा विद्यालय रुद्री में 141, शासकीय उ मा विद्यालय सोरम में 132 एवं सेजेस बठेना में 101 सहित अन्य केंद्रों में भी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। महिला अभ्यर्थियों को केंद्र के बाहर ही आभूषण उतारने पड़े। वहीं पुरुष अभ्यर्थियों के बेल्ट और जूते निकलवाने के बाद ही प्रवेश दिया गया। मूल पहचान पत्र नहीं लाने वाले अभ्यर्थी भी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।

बालोद, नगरी, कुरुद और भखारा क्षेत्र से पहुंचे कई अभ्यर्थी गेट बंद होने के बाद पहुंचे इसलिए उन्हें केंद्र में प्रवेश नहीं मिल सका। परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्न का स्तर मध्यम स्तर का था। कुल 100 प्रश्न पूछे गए थे। जिसमें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2025 कब से कब तक मनाया गया। 31 दिसंबर 2024 की स्थिति में राष्ट्रीय राजमार्गों की संख्याएं कौन कौन सी है। राष्ट्रीय जलमार्ग-2 धुबरी से सदिया किस राज्य में स्थित हैं। मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम 2019 में शराब पीकर गाडी चलाने पर जुर्माना 2000 रुपये से बढ़ाकर कितना किया गया। ग्रेट ईस्टर्न रोड छत्तीसगढ़ के किन शहरों से होकर गुजरती हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा मोटर वाहनों की एम और एन श्रेणियों में फास्टैग लगाना कब से अनिवार्य किया गया। बस्तर जिले में आदिवादियों द्वारा देवी दंतेश्वरी की पूजा कितने दिनों तक होती हैं। धमतरी जिले में महानदी पर कौन कौन से बांध (जलाशय) है सहित चांवल उत्सव, रामसर साइट, जनगणना 2011, जलप्रपात, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, शाकंभरी योजना, नियद नेल्लानार योजना, छत्तीसगढ़ में शीतकालीन वर्षा, नाचा के भीष्म पितामह, राजनांदगांव में सरस्वती पुस्तकालय की स्थापना कब हुई जैसे प्रश्न पूछे गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा