Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जगदलपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की जा रही है। बस्तर वन मंडल और पतंजलि योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में फिट बस्तर-हिट बस्तर अभियान के अंतर्गत 21 दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता द्वारा रविवार काे दी गई जानकारी के अनुसार 'स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ तन और शांत मन' के मूल मंत्र को समर्पित यह विशेष आयोजन आगामी 21 अप्रैल से शहर के जनजातीय गौरव वाटिका में प्रारंभ होने जा रहा है। अगले 21 दिनों तक चलने वाले इस शिविर में प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 7:30 बजे तक योगाभ्यास की कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जहां प्रतिभागी अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में योग और प्राणायाम की विभिन्न विधाओं को सीखेंगे।
डीएफओ उत्तम कुमार गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बस्तर के नागरिकों को न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने पहल करना है बल्कि उन्हें मानसिक शांति और प्रकृति के प्रति उनकी जिम्मेदारी का बोध कराना भी है। वर्तमान की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनावमुक्त जीवन जीने के लिए योग एक अनिवार्य आवश्यकता बन गई है और जनजातीय गौरव वाटिका का शांत वातावरण इस अभ्यास के लिए सर्वोत्तम स्थान सिद्ध होगा।
उन्हाेने सभी नागरिकों और योग प्रेमियों से आग्रह किया है, कि वे इस अभियान का हिस्सा बनकर स्वयं को सेहतमंद बनाए रखने के सजग प्रयास करें। यह योग शिविर बस्तरवासियों के लिए एक ऐसा मंच होगा जहां वे प्रकृति की शुद्ध वायु के बीच योग के माध्यम से अपनी जीवनशैली को सकारात्मक बना सकेंगे। स्थानीय प्रशासन को पूर्ण विश्वास है कि 21 दिनों का यह निरंतर अभ्यास बस्तर में एक नई स्वास्थ्य क्रांति की शुरुआत करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे