Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फतेहाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिले में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फतेहाबाद पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने बुधवार को असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि राह चलती महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वालों और शिक्षण संस्थानों के बाहर आवारागर्दी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। महिला सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पुलिस ने एक व्यापक रणनीति तैयार की है। महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो शहर के बाजारों, शिक्षण संस्थानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखेंगी। इस अभियान में दुर्गा शक्ति टीम, डायल 112, पीसीआर यूनिट और मोटरसाइकिल राइडर्स को सक्रिय किया गया है। इसके अलावा, शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की नियमित जांच की जाएगी ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके। एसपी ने निर्देश दिए हैं कि जिन क्षेत्रों में महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है, वहां विशेष गश्त बढ़ाई जाए। विशेषकर स्कूल और कॉलेज खुलने एवं बंद होने के समय पुलिस की उपस्थिति अनिवार्य होगी। इसके साथ ही पार्कों और कोचिंग सेंटरों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा