कैथल: मुठभेड़ के बाद फायरिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जिले के चीका में मोबाइल दुकानदार पर दिनदहाड़े फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) ने वारदात के मुख्य आरोपी का ढांड क्षेत्र में एनकाउंटर कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली
पुलिस एनकांउटर में घायल चीका में फायरिंग करने का आराेपी रजत


कैथल, 15 अप्रैल (हि.स.)।

जिले के चीका में मोबाइल दुकानदार पर दिनदहाड़े फायरिंग करने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने वारदात के मुख्य आरोपी का ढांड क्षेत्र में एनकाउंटर कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र के कीर्ति नगर निवासी रजत के रूप में हुई है। वह वारदात के बाद से फरार चल रहा था, जबकि उसका एक अन्य साथी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बुधवार काे पत्रकाराें से बातचीत में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी ढांड क्षेत्र में मौजूद है और दोबारा उसी दुकानदार को निशाना बनाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी बाइक पर सवार होकर भागने लगा।

पुलिस ने पीछा किया तो नेशनल हाईवे-152डी पुल के पास आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

एसपी के अनुसार, आरोपी रजत कैथल में अपने एक साथी से मिलने आया था। आशंका है कि वह या तो पैसे लेने या अवैध हथियार का लेनदेन करने के लिए आया था। आरोपी पर पहले से कुरुक्षेत्र और करनाल में लड़ाई-झगड़े के दो मामले दर्ज हैं। साथ ही वह पांच हजार रुपये का इनामी बदमाश भी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर मोबाइल दुकानदार से करीब एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। रकम न देने पर उस पर पहले भी फायरिंग की गई थी। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि वारदात गैंग सरगना साहिल भागल के इशारे पर की गई थी, जो फिलहाल अमेरिका में रह रहा है। साहिल भागल पर कुरुक्षेत्र में कई स्थानों पर फायरिंग कर फिरौती मांगने के आरोप हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि फिरौती के लिए कॉल अमेरिका से की गई थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे