Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अलीपुरद्वार, 15 अप्रैल (हि. स.)। विधानसभा चुनाव 2026 के बीच एक अनोखा विरोध सामने आया है। पहले चरण के मतदान से ठीक पहले फालाकाटा के रायचेंगा गांव के लोगों ने जर्जर सड़कों के कारण वोट बहिष्कार का ऐलान कर दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 40 वर्षों से गांव की दो मुख्य सड़कें बदहाल है। एक करीब एक किलोमीटर और दूसरी 500 मीटर अब तक पक्की नहीं हुई है। बरसात के दौरान हालात बदतर हो जाते है, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर स्कूली बच्चों और मरीजों को रोजाना जोखिम उठाना पड़ता है।
बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने ‘वोट बहिष्कार’ के पोस्टर और बैनर के साथ गांव में रैली निकाली। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक इस विरोध में शामिल हुए और नारा लगाया सड़क नहीं, तो वोट नहीं।
स्थानीय पंचायत का कहना है कि फिलहाल आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण कोई नया काम शुरू नहीं किया जा सकता। हालांकि, चुनाव के बाद प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया है। लेकिन ग्रामीण इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं।
उनका साफ कहना है कि जब तक सड़क नहीं बनेगी, वे मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार