सिरसा: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार
16 मोटरसाइकिल बरामद, हरियाणा व राजस्थान में दिया घटनाओं को अंजाम
पत्रकारों को जानकारी देते डीएसपी।


चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित पकड़े गए आरोपी।


सिरसा, 15 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह को बेनकाब करते हुए राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा 16 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ हरियाणा व राजस्थान में कई मामले दर्ज हैं। डबवाली के डीएसपी योगेश कटारिया ने बुधवार को आयोजित प्रेेस वार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने डबवाली क्षेत्र में बाइक चोरी की तीन वारदातों को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी राजदीप सिंह व परमजीत सिंह के रूप में हुई है।

डीएसपी योगेश कटारिया ने बताया कि राजस्थान के संगरिया निवासी पवन सैनी ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसका मोटरसाइकिल चौटाला रोड मंडी डबवाली से चोरी हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज किया और शहर डबवाली व स्पेशल स्टाफ प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। पुलिस ने सुराग जुटाकर गांव अलीकां से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गिरोह के सदस्य हैं और अब तक कई बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। रिकॉर्ड खंगाला गया तो आरोपियों के खिलाफ हरियाणा व राजस्थान में भी चोरी के कई मामले दर्ज पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने डबवाली क्षेत्र से बाइक चोरी की तीन वारदातों कोअंजाम देने की बात स्वीकार की। जबकि अन्य चोरी की वारदातें राजस्थान व पंजाब में की। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा 16 मोटरसाइकिल बरामद कर लिए गए हैं। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं व नशापूर्ति के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma