Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में चुनार स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्राम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को नारी सशक्तिकरण का अनोखा नजारा देखने को मिला, जब छात्र-छात्राओं ने सड़कों पर उतरकर जागरूकता की अलख जगाई। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ प्रचार अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर से निकली पदयात्रा ने पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
सुबह 10:30 बजे शुरू हुई इस पदयात्रा में छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्लोगन और उत्साह के साथ महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान भागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इसी के साथ भातखण्डे कल्चरल क्लब के तत्वावधान में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ को लेकर भी जागरूकता रैली निकाली गई, जिसने माहौल को और भी जोशीला बना दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) माधवी शुक्ला ने किया। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल विचार नहीं, बल्कि समाज में बदलाव की दिशा है। इस दौरान मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत छात्राओं के कैरियर और कौशल विकास के लिए एक विशेष समिति का गठन भी किया गया, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगी।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. शेफालिका राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. (डॉ.) कुसुम लता ने किया। कार्यक्रम में 69 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और नारी सशक्तिकरण का संदेश बुलंद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा