Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फर्रुखाबाद,15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में 8 माह पूर्व गंगा में कूद कर आत्महत्या करने वाले अवधेश कठेरिया का बुधवार को कंकाल मिल गया। मृतक थाना मऊ दरवाजा के ग्राम छोटा फतेहपुर निवासी रामपाल कठेरिया का 40 वर्षीय पुत्र था। वह 13 अगस्त 2025 को नदी में कूदने के बाद से गायब हो गया था।
इस मामले में पहले उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई थी। बाद में पिता रामपाल ने ग्राम कुबेरपुर घाट निवासी राजेश राजपूत पुत्र दुर्विजय एवं थाना मिर्जापुर के ग्राम बीघापुर निवासी सुरेंद्र राजपूत पुत्र बालकराम के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपितों ने अवधेश को इतना प्रताड़ित किया कि उसने गंगा में कूद कर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस ने आरोपित राजेश को हिरासत में लेकर मामले की जांच पड़ताल की थी। ठोस सबूत न मिलने के कारण विवेचना ठंडे बस्ते में डाल दी गई। बुधवार को ग्राम कुबेरपुर घाट नगला टंसी पुलिया के निकट मछुआरे ने मछली पकड़ने के लिए जाल डाला, तभी उसके जाल में उपदेश की खोपड़ी फंस गई थी। मछुआरे ने अवधेश के परिजनों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर थाना मऊ दरवाजा थानाध्यक्ष अजय सिंह पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मछुआरे के बताए गए स्थान पर खुदाई करवाई गई। खुदाई के दौरान मिट्टी में अवधेश के कंकाल के अस्थि पंजर मिले। अस्थि पंजर में अवधेश की लोअर फंसी थी। लोअर से परिजनों ने अवधेश की शिनाख्त कर ली।
गंगा में बाढ़ के दौरान पानी पुलिया के निकट भर जाता है। इस समय वहां न मात्र पानी व कीचड़ है। इसके चलते ही अवधेश का कंकाल मिल जाने से अब आरोपितों का जेल जाना तय हो गया है।
थानाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि अति शीघ्र घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar