Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुलतानपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में यूपी एसटीएफ की टीम ने अन्तरराज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 15.20 कुन्तल गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3.80 करोड़ रुपये है।
क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामन्त ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि विगत कुछ दिनों से एसटीएफ को विभिन्न राज्यों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तस्करों के सक्रिय होने की सूचनाएं प्राप्त हो रही थी। इसी बीच यह जानकारी मिली कि कुछ लोग उड़ीसा राज्य से अवैध मादक पदार्थ (गांजा) की बड़ी खेप लाने वाले हैं। इसके बाद यूपी एसटीएफ की लखनऊ इकाई ने मंगलवार रात को एक सूचना पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से सुलतानपुर-लखनऊ हाइवे पर खड़े ट्रक (यूपी 12 बीटी 8181) की तलाशी ली। ट्रक में भारी मात्रा में गांजा पाया गया। ट्रक में सवार मुजफ्फरनगर निवासी नासिर और लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र का रहने वाला वर्ष आर्या को गिफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि मुजफ्फरनगर निवासी सत्येन्द्र कुमार का एक गिरोह हैं, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं सीमावर्ती राज्यों में अवैध मादक पदार्थो की तस्करी करता है। उसने ही उन्हें उड़ीसा राज्य भेजा था और बताया था कि वहाँ पर मेरे ट्रक में गांजा लोड किया हुआ है उसे लेकर आना है। इसके बदले में 50 हजार रुपये देने की बात बोला था। वह माल लेकर आ रहे थे, तभी पकड़े गए। पुलिस ने ट्रक समेत माल को जब्त करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
-----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त