Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बहराइच, 15 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के निकट छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। जिला मजिस्ट्रेट की अनुपस्थिति में अपर जिला मजिस्ट्रेट अमित कुमार जब ज्ञापन लेने आये तो छात्रों ने अनदेखी का आरोप लगाते हुए सड़क मार्ग अवरुद्ध कर प्रशासन के विरोध में नारे लगाने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मियों और परिषद कार्यकर्ताओं के साथ नोंकझोंक भी देखने को मिली। इसके बाद छात्रों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी की।
बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले सैकड़ों की संख्या में छात्र जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे गए। जिला संयोजक देवाशीष सिंह ने कहा कि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के स्नातक स्तर पर बहुविकल्पीय परीक्षा प्रणाली लागू करने का निर्णय छात्रों के हित में नहीं है और इसे तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाना चाहिए। प्रांत जनजातीय कार्य संयोजक आदर्श शुक्ला ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार गिरावट आ रही है, जिसे सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। खेलो भारत के प्रांतीय संयोजक नित्य पाठक ने जिले के प्रत्येक विकासखंड में खेल मैदान बनाए जाने की मांग रखी, ताकि युवाओं को खेल के बेहतर अवसर मिल सकें।
पूर्व जिला सह संयोजक आशुतोष मिश्रा ने कहा कि सरकारी एवं एडेड विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, विशेष रूप से पेयजल जैसी आवश्यक व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रांत कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने जिले में शिक्षा व्यवस्था के शुद्धिकरण एवं सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदर्शन के बाद परिषद कार्यकर्ता छात्रों संग जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी को मांगपत्र सौंपने पहुँचे, किन्तु वे कार्यालय में उपस्थित नहीं थे जिससे छात्र भड़क गए। अपर जिलाधिकारी अमित कुमार के मांगपत्र लेने पर छात्रों ने उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बहराइच—लखनऊ राजमार्ग जाम कर दिया। स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा एवं सीओ भुवनेश्वर सिंह ने मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाला। उनके समझाए जाने के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रदर्शन में आदर्श शुक्ला प्रांत जनजातीय सह-संयोजक,नित्य पाठक प्रांत खेलो भारत संयोजक,देवाशीष सिंह जिला संयोजक, आशुतोष मिश्रा पूर्व जिला सह-संयोजक, देवेंद्र प्रताप सिंह प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक