नूंह में सीवर की जहरीली गैस से दो मजदूरों की जान, एक गंभीर
सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई
सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई


नूंह, 15 अप्रैल (हि.स.)। नूंह के फिरोजपुर झिरका में मंगलवार देर रात सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार तीन सफाई कर्मचारी सीवर लाइन की सफाई के लिए अंदर उतरे थे। सीवर लाइन में जहरीली गैस के कारण कुछ ही मिनटों में उनकी हालात बिगड़ गई। दम घुटने के कारण दो मजदूर बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे मजदूर को भी बचाने के लिए नीचे उतारा गया, लेकिन उसकी तबीयत भी बिगड़ने लगी। बाद में उसे बाहर निकालकर अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा में भर्ती कराया गया।

मृतकों में एक मजदूर पलवल जिले का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण—जैसे गैस मास्क, सेफ्टी किट या ऑक्सीजन स्पोर्ट के सीधे सीवर में उतार दिया गया। यही लापरवाही उनकी मौत का कारण बनी।

घटना के बाद काम देख रहा ठेकेदार मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मामले पर डीएसपी अजाब सिंह ने बताया कि फिरोजपुर झिरका में जन स्वास्थ्य विभाग के दो सफाई कर्मचारियों की सीवर में दम घुटने से मौत हुई है। मृतक अब्दुल के पिता की शिकायत पर ठेकेदार और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया