Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

परिजनों ने शव रख कर शुरु किया प्रदर्शन
बागपत, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की मलकपुर शुगर मिल के ईटीपी प्लांट में मंगलवार शाम गैस रिसाव से एक व्यक्ति की मौत हो गयी है जबकि तीन लोग घायल हुए हैं । मृतक कर्मचारी के शव को परिजन बुधवार सुबह तक भी गन्ना मिल पर लेकर बैठे हैं। एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने माैके पर जायजा लिया और पीड़ित परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।
बागपत जिले की बड़ौत स्थित मलकपुर शुगर मिल के एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) में मंगलवार शाम गैस का रिसाव हुआ था। जानकारी के अनुसार गैस की गंध फैलते ही वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड सुरेश शर्मा (60) रिसाव देखने पहुंचा। लेकिन वह गैस की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुरेश शर्मा को बचाने के लिए दौड़े प्रदीप शर्मा और हामिद समेत तीन मजदूर भी गैस के चपेट में आ गए जिससे वहां हड़कम्प मच गया। यह सब देख कर अन्य कर्मचारी प्लांट छोड़कर भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ौत पुलिस और और एसपी बागपत सूरज कुमार राय मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। सुरक्षा गार्ड सुरेश शर्मा की मृत्यु की खबर से उनके परिजनों में गहरा आक्रोश है। सुरेश शर्मा के परिजनों ने शव गन्ना मिल पर रखकर धरना प्रारम्भ कर दिया है। परिजन सुरेश के परिवार को उचित सहायता और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे है। एसपी बागपत सूरज कुमार राय का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटना की जांच जारी है। घायल श्रमिकाें का उपचार किया जा रहा हैै और उनकी हालत में सुधार है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी