Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मेदिनीपुर, 15 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की गतिविधियां अब तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद रफीक कमजोर स्वास्थ्य के बावजूद लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। वे तृणमूल उम्मीदवार शिउली साहा के समर्थन में क्षेत्र में जनसंपर्क और सभाओं में भाग ले रहे हैं।
बताया जाता है कि रफीक को तीन बार दिल का दौरा पड़ चुका है। एक बार उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हुई है और दो बार स्टेंट भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद वे सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं। रफीक का दावा है कि केशपुर में तृणमूल उम्मीदवार को कम से कम 70 हजार मतों के अंतर से जीत दिलाई जाएगी।
हाल ही में तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने केशपुर के आनंदपुर में शिउली साहा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया था। इस दौरान रफीक ने उनसे कहा कि केशपुर में पार्टी की स्थिति मजबूत है और कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं।
हालांकि रफीक के इस दावे पर भाजपा नेता अरूप दास ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पूरे राज्य में तृणमूल कांग्रेस हार के डर से इस तरह के दावे कर रही है।
रफीक की राजनीतिक यात्रा युवा कांग्रेस से शुरू हुई थी। वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रियररंजन दासमुंशी के समर्थक रहे हैं। वर्ष 1998 में ममता बनर्जी द्वारा तृणमूल कांग्रेस की स्थापना के बाद वे इस दल में शामिल हो गए।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में रफीक को लंबे समय से सक्रिय और संघर्षशील नेता माना जाता है। 64 वर्ष की आयु और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बावजूद वे चुनावी अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका कहना है कि उम्मीदवार कोई भी हो, सबसे महत्वपूर्ण है कि पार्टी को जीत दिलाई जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता