Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धारूहेड़ा पुलिस की सक्रियता रंग लाई, 2012 में घोषित आरोपी आजाद को दबोचा
रेवाड़ी, 15 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी पिछले 14 वर्षों से ट्रक चोरी के मामले में फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।
बुधवार को धारूहेड़ा थाना प्रभारी कश्मीर ने बताया कि पुलिस टीम को लंबे समय से आरोपी की तलाश थी। गुप्त सूचना और लगातार प्रयासों के चलते आखिरकार पुलिस ने आरोपी आजाद को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि यह मामला 21 मार्च 2009 का है, जब धारूहेड़ा थाना क्षेत्र में एक घर के अंदर खड़ा महिंद्रा कंपनी का ट्रक अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी उमर दीन को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। बाद में अदालत ने आठ जनवरी 2014 को उसे दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी। लेकिन इस केस का दूसरा आरोपी सखेपुर निवासी आजाद घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर अदालत ने 10 मई 2012 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी भगोड़े अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पुराने मामलों में लंबित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला