मयूरभंज आश्रम स्कूल छात्रा की मौत पर आरडीसी स्तर की जांच के आदेश
भुवनेश्वर, 15 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मयुरभंज के रसगोविंदपुर स्थित एक आश्रम स्कूल की कक्षा 5 की छात्रा रूपाली बेशरा की मौत के मामले में राजस्व मंडल आयुक्त (आरडीसी) स्तर की जांच के आदेश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि रासगोबिंदपुर त
मयूरभंज आश्रम स्कूल छात्रा की मौत पर आरडीसी स्तर की जांच के आदेश


भुवनेश्वर, 15 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मयुरभंज के रसगोविंदपुर स्थित एक आश्रम स्कूल की कक्षा 5 की छात्रा रूपाली बेशरा की मौत के मामले में राजस्व मंडल आयुक्त (आरडीसी) स्तर की जांच के आदेश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि रासगोबिंदपुर तहसील के दुर्गा बेशरा की पुत्री रूपाली की कथित तौर पर स्कूल हॉस्टल में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण मृत्यु हो गई थी । इस घटना में कई अन्य छात्र भी बीमार पड़ गए, जिससे आवासीय विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंडल के आरडीसी को घटनास्थल का दौरा कर छात्रा की मौत और अन्य छात्रों के अचानक बीमार पड़ने के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं।

इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। साथ ही, उन्होंने मृतका के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से 3 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

इधर, प्रभावित छात्रों के स्वास्थ्य की जांच के लिए दो मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। एक टीम, जिसमें एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के संयुक्त निदेशक और एक माइक्रोबायोलॉजिस्ट शामिल हैं, पहले से ही बारिपदा में मौजूद है, जबकि दूसरी टीम बुधवार सुबह रसगोविंदपुर पहुंचकर आगे की जांच और चिकित्सा सहायता प्रदान करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो