यमुनानगर:फायरिंग के आरोपी की निशानदेही पर नकदी व कारतूस के खाेल बरामद
यमुनानगर के जठलाना क्षेत्र में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की प्लाईवुड फैक्ट्री पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस जांच के दौरान लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं।
आरोपी अमन को निशानदेही पर ले जाते पुलिसकर्मी


यमुनानगर, 15 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर के जठलाना क्षेत्र में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की प्लाईवुड फैक्ट्री पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस जांच के दौरान लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में आरोपी अमन को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बुधवार को पुलिस घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उसने निशानदेही की। पैरों में चोट के कारण चलने में असमर्थ आरोपी ने मौके पर पहुंचकर जमीन पर घिसटते हुए पुलिस को घटनास्थल की जानकारी दी।

सीआईए-2 प्रभारी राकेश कुमार के अनुसार, निशानदेही के दौरान पुलिस को एक खाली कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा आरोपी के पास से चार हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें फायरिंग के बदले दी गई रकम बताया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ तेज कर दी है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। वहीं मुठभेड़ में घायल दूसरा आरोपी हर्ष अभी सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गौरतलब है कि 30 मार्च की रात जठलाना स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री पर तीन हथियारबंद युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। गोलियां फैक्ट्री परिसर में खड़े एक ट्रक तक जा पहुंचीं, हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। मौके से पुलिस को आठ खोखे बरामद हुए थे।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर गैंग से जुड़े लोगों द्वारा जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई थी। जांच के दौरान पुलिस ने अमन को आठ अप्रैल को गिरफ्तार किया था। बाद में उसने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास करते हुए खजूरी पुल से छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद रादौर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें हर्ष घायल हुआ और अभिषेक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की कार्रवाई में हथियार सप्लाई से जुड़े आरोपी लवीश और रोहित को भी काबू किया गया। पुलिस के अनुसार मामला संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा है, जिसके तार विदेश में बैठे संचालकों से जुड़े हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार