Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को विभिन्न पारंपरिक नववर्ष और फसल पर्वों के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने विशु के पावन अवसर पर सभी को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि विशु के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह त्योहार आशा और खुशी के बारे में है। यह सकारात्मकता और सभी के प्रति कृतज्ञता पर जोर देता है। आने वाला वर्ष आनंद, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य से भरा हो। यह वर्ष नए अवसर, सफलता और चारों ओर शांति लेकर आए।
प्रधानमंत्री ने रोंगाली बिहू के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह जीवंत त्योहार नई शुरुआत, समृद्धि और एकजुटता की भावना का जश्न मनाता है। यह त्यौहार असमिया संस्कृति को खूबसूरती से प्रदर्शित करता है, जो हर जगह लोकप्रियता हासिल कर रही है। उन्होंने सभी के लिए सफलता, खुशी और अद्भुत स्वास्थ्य से भरे वर्ष के लिए प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों को पोइला बोइशाख के मौके पर बधाई देते हुए लिखा, “शुभो नोबोबोरशो! पोइला बोइशाख पर शुभकामनाएं।” प्रधानमंत्री ने सभी के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि आने वाला वर्ष आपकी सभी इच्छाओं की पूर्ति का प्रतीक हो। खुशी और भाईचारे की भावना सदैव बनी रहे। आपके अच्छे स्वास्थ्य और ढेर सारी खुशियों की कामना करता हूं। यह पश्चिम बंगाल की संस्कृति की शाश्वत समृद्धि का जश्न मनाने का भी एक अवसर है जिसने देश की सभ्यतागत भावना को आकार दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी