पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर में दर्शन के लिए स्लॉट बुकिंग सिस्टम लाने की तैयारी
भुवनेश्वर, 15 अप्रैल (हि.स.)। राज्य सरकार पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने और भीड़ प्रबंधन को बेहतर करने के उद्देश्य से स्लॉट बुकिंग सिस्टम लागू करने की योजना बना रही है। इस संबंध में जानकारी देते ह
श्रीजगन्नाथ मंदिर


भुवनेश्वर, 15 अप्रैल (हि.स.)। राज्य सरकार पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने और भीड़ प्रबंधन को बेहतर करने के उद्देश्य से स्लॉट बुकिंग सिस्टम लागू करने की योजना बना रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बुधवार को कहा कि नई व्यवस्था जल्द ही लागू की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान कतार (लाइन) आधारित दर्शन प्रणाली के साथ-साथ स्लॉट बुकिंग प्रणाली भी समानांतर रूप से जारी रहेगी।

मंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि लाइन दर्शन और स्लॉट बुकिंग दर्शन दोनों एक साथ चलते रहें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत, स्लॉट बुकिंग करने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में प्रवेश से पहले एक निर्धारित प्रतीक्षा क्षेत्र (होल्डिंग एरिया) में ठहराया जाएगा, जिसके बाद उन्हें भगवान के दर्शन के लिए अंदर भेजा जाएगा। इससे विशेषकर भीड़भाड़ के समय और त्योहारों के दौरान भीड़ नियंत्रण में मदद मिलने की उम्मीद है। पारंपरिक ‘ढाड़ी दर्शन’ प्रणाली भी यथावत जारी रहेगी।

इसके अलावा, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नाट मंडप में एयर कंडीशनिंग की व्यवस्था के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

मंत्री ने यह भी बताया कि स्लॉट बुकिंग प्रणाली को प्रारंभिक चरण में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा और इसके संचालन के अनुभव तथा फीडबैक के आधार पर इसमें आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो