Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कबीर नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। रायपुर पुलिस द्वारा जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन सट्टेबाजी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में थाना कबीर नगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसीपी आजाद चौक इशू अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा रेल्वे पटरी के पास घेराबंदी कर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए दो आरोपितों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
बुधवार को थाना कबीर नगर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि, कुछ व्यक्ति रेल्वे पटरी के पास संदिग्ध रूप से मोबाइल के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना की पुष्टि हेतु पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची एवं घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा। आरोपितों के कब्जे से नगद राशि एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में आकाश टांडी और मोहम्मद आरिफ का नाम शामिल है, जो कोटा, रायपुर का रहने वाले हैं। आरोपितों से पूछताछ के दौरान सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं मुख्य संचालकों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। प्रकरण में विस्तृत जांच जारी है तथा शीघ्र ही अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर