Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 15 अप्रैल (हि.स.)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए आधुनिक चार्जिंग स्टेशन की स्थापना की है। यह चार्जिंग स्टेशन विश्वविद्यालय के गेट संख्या एक के निकट स्थित सोलर पार्किंग क्षेत्र में इजी चार्ज इंडिया के सहयोग से स्थापित किया गया है, जिसका उद्घाटन विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने किया।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव नवाचार और सतत विकास लक्ष्यों को ध्यान में रखकर कार्य करने की दिशा में प्रतिबद्ध रहा है। इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन की स्थापना न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह हमारे विद्यार्थियों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे विद्यार्थियों में स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, उन्हें आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा तथा वे भविष्य के सतत परिवहन मॉडल को समझने और अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
यह पहल कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व गतिविधियों के अंतर्गत की गई है, जबकि आवश्यक सिविल एवं विद्युत अवसंरचना का विकास विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग सेक्शन द्वारा सफलतापूर्वक किया गया है। इस अत्याधुनिक सुविधा के माध्यम से परिसर में आने वाले इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को सहज, सुरक्षित एवं त्वरित चार्जिंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय