Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गढ़वा, 15 अप्रैल (हि.स.)। गढ़वा जिले में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलहारा गांव स्थित स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के पैतृक घर में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली। इस दौरान उन्होंने घर के सामान को इधर-उधर बिखेर दिया और कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
बुधवार सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद गढ़वा शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड टीम के साथ जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम घर के अंदर व आसपास के क्षेत्रों में साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
घटना की पुष्टि स्वयं विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने की है। विधायक ने जानकारी दी की चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है, इसके बाद स्पष्ट तौर पर नुकसान के बारे में बताया जाएगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
गढ़वा के एसडीपीओ नीरज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉग स्क्वॉड की मदद से घटना की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने पर चोरी के बारे में स्पष्ट तौर पर जानकारी दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार