Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चतरा, 15 अप्रैल (हि.स.)। चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड मुख्यालय में महिला स्वयं सहायता समूहों के बीच सोलर पंप का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट, चतरा के सौजन्य से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चतरा के सांसद कालीचरण सिंह और सिमरिया के विधायक उज्जवल कुमार दास उपस्थित रहे। इस अवसर पर महिला समूहों को सोलर पंप प्रदान किए गए, जिससे उन्हें कृषि कार्यों में सहूलियत मिलेगी।
इसके साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 92 लाख रुपये की राशि के चेक भी वितरित किए गए। इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण का जो संकल्प लिया गया है, उसका सकारात्मक प्रभाव अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज में अपनी नई पहचान स्थापित कर रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सोलर पंप वितरण से महिलाओं को खेती-किसानी में सुविधा होगी और आर्थिक सहायता से उन्हें स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जिससे उनके आत्मविश्वास और स्वाभिमान में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में सिमरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंद्रदेव, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी