Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 15 अप्रैल (हि.स.)। परमहंस संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, रांची द्वारा पुंदाग स्थित मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम परिसर में बुधवार को अन्नपूर्णा सेवा का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य निराश्रित, दिव्यांग एवं मंदबुद्धि लोगों को भोजन उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के तहत सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में रह रहे 46 निराश्रितों एवं उनकी देखभाल में लगे सेवादारों को विभिन्न व्यंजनों सहित भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया। यह आयोजन समाजसेवी कविता गाड़ोदिया और उनके परिवार के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने जानकारी दी कि अब तक कुल 3230 निराश्रितों और सेवादारों के बीच भोजन प्रसाद वितरित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे पुण्य कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर कई समाजसेवियों ने खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का भी वितरण किया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, शिव भगवान अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar