Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चतरा, 15 अप्रैल (हि.स.)। चतरा समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल विकास, एमएसएमई, खेल, श्रम, संस्कृति, पर्यटन, जिला उद्योग केंद्र, नियोजन कार्यालय, उच्च शिक्षा, आईटीआई एवं नेहरू युवा केंद्र से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी विभागों को कार्यों में तेजी लाने और आपसी समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है।
खेल सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से टंडवा और पत्थलगड़ा में प्रस्तावित मॉडल स्टेडियम परियोजना पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने इन दोनों परियोजनाओं से संबंधित लंबित कागजी प्रक्रियाओं, स्वीकृतियों और प्रशासनिक औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लंबित फाइलों को लेकर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय बनाकर शीघ्र स्वीकृति प्राप्त करें और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें।
बैठक में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) की भी समीक्षा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री कुटीर उद्योग बोर्ड के जिला समन्वयक को सिमरिया प्रखंड के हफुआ में संचालित सिलाई-कढ़ाई समूह का निरीक्षण कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, अधिक से अधिक लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं और निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करें।
बैठक में सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी