Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 15 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रत्याशी और असम प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने कांग्रेस पार्टी की आंतरिक व्यवस्था पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि गौरव गोगोई केवल कांग्रेस का “चेहरा” हैं, जबकि असली “आधार” सांसद रकिबुल हुसैन हैं।
एक विशेष साक्षात्कार में बोरा ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर टिकट वितरण से लेकर महत्वपूर्ण बैठकों के आयोजन तक सभी अहम फैसले रकिबुल हुसैन द्वारा लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां तक कि विधानसभा चुनाव के दौरान 50 हजार रुपये जमा करके पार्टी की टिकट मांगने वाले सात सौ उम्मीदवारों में से छह सौ उम्मीदवारों से गौरव गोगोई की मुलाकात तक नहीं होने दी गई। वहीं दूसरी ओर, सांसद रकीबुल हुसैन से सभी उम्मीदवारों ने मुलाकात की।
भूपेन बोरा के इस बयान को असम की राजनीति में कांग्रेस के अंदरूनी कामकाज पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाला माना जा रहा है, जिससे आगामी चुनावी माहौल में राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश