Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया, 15 अप्रैल(हि.स.)। अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत बुधवार को जिले में व्यापक स्तर पर अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार प्रसाद के निर्देश पर अनुमंडल अग्निशमालय की टीम द्वारा विभिन्न विद्यालयों में विशेष अभियान चलाया गया।
इस क्रम में मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल तथा कैरियर गाइड एकेडमी में छात्र-छात्राओं के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवहारिक ज्ञान विकसित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सही प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई और दो मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।
अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने छात्रों को अग्निशमन यंत्रों के प्रकार, उनके उपयोग और आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही, अग्निशमन यंत्र का प्रयोग कर लाइव प्रदर्शन भी किया गया।
मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ प्रभात फेरी भी रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। इस दौरान पिन फ्लैग लगाए गए तथा पंपलेट एवं स्टिकर का वितरण कर लोगों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर