Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स)। फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) ने अनंत स्वरूप को अपना महासचिव नियुक्त किया है।उनकी नियुक्ति से संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व को मजबूती मिलेगी, जबकि ज्योति विज महानिदेशक के रूप में अपनी भूमिका निभाती रहेंगी।
उद्योग मंडल ने कहा कि अनंत स्वरूप के पास सार्वजनिक नीति, व्यापार उपचार, लॉजिस्टिक्स, नियामकीय सुधार और अंतरराष्ट्रीय वार्ताओं का तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने केंद्र सरकार में विभिन्न नेतृत्व पदों पर काम किया है और हाल ही में निजी क्षेत्र में भी काम किया है। स्वरूप 1992 बैच के भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा (आईआरपीएस) अधिकारी हैं।
फिक्की ने कहा कि अनंत स्वरूप वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव एवं व्यापार उपचार महानिदेशक, रेल मंत्रालय के कार्यकारी निदेशक तथा जिनेवा स्थित विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में भारत के प्रतिनिधि के रूप में प्रथम सचिव रह चुके हैं। स्वरूप के पास टिकाऊ अवसंरचना एवं वित्त में ‘मास्टर्स सर्टिफिकेट’ के साथ-साथ एमबीए, एलएलबी और एमएससी की डिग्रियां हैं।
फिक्की देश का सबसे पुराना और सबसे बड़ा शीर्ष व्यापार संगठन है, यह संगठन विभिन्न क्षेत्रों और भौगोलिक क्षेत्रों में उद्योग और वाणिज्य के हितों का प्रतिनिधित्व करता है। यह अपने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के तहत नीतिगत वकालत, उद्योग जुड़ाव और संस्थागत प्राथमिकताओं का संचालन करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर