Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बेतिया, 15 अप्रैल (हि.स.)। लौरिया प्रखंड के बहुअरवा पंचायत अंतर्गत जमुनिया चौक पर बुधवार को दिनदहाड़े एक किराना दुकान में लूटपाट व हमले की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, गांव के ही तीन युवकों ने दुकान में घुसकर दुकानदार के साथ मारपीट की, नकदी व सोने की चेन छीन ली और विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के दौरान आरोपिताें ने दुकान में रखे सामानों को भी तीतर-बितर कर दिया।
घायल दुकानदार जमुनिया गांव वार्ड संख्या-2 निवासी 28 वर्षीय दिनेश साह है। पीड़ित के अनुसार, वह सुबह करीब 10 बजे दुकान पर बैठकर हिसाब-किताब कर रहे थे, तभी गांव के मुन्ना यादव, रुपेश यादव और मुकेश यादव वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि गल्ले में रखे करीब एक लाख रुपये जबरन निकाल लिए गए। विरोध करने पर एक आरोपी ने धारदार हथियार से उनके बाएं हाथ पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि अन्य ने गले से सोने की चेन छीन ली।
घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसे देख सभी आरोपी फरार हो गए। घायल को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक