Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यमुनानगर, 15 अप्रैल (हि.स.)यमुनानगर के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मियों की कमी को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कार्यकर्ता सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचे और मानव श्रृंखला बनाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों को पर्चे वितरित किए। इन पर्चों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में खाली पड़े पदों की जानकारी दी गई और बताया गया कि स्टाफ की कमी के चलते उपचार व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पर्याप्त डॉक्टर और नर्स न होने के कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही रिक्त पदों को नहीं भरा गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अस्पताल परिसर में धरना भी दिया जाएगा। इस मौके पर शहरी जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह और ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह मौजूद रहे। देवेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं और इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों के 17 में से 9 पद, एमबीबीएस चिकित्सकों के 192 में से 93 पद, स्टाफ नर्स के 24 में से 12 पद तथा अन्य नर्सिंग कर्मियों के 234 में से 103 पद खाली हैं। इसके अलावा एक्स-रे और सीटी स्कैन से जुड़े 21 पदों में से 19 पद रिक्त होने की बात भी सामने आई। नेताओं का कहना है कि राज्यभर में भी आधे से अधिक पद खाली हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार