Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 15 अप्रैल (हि.स.)। शिमला के बालूगंज थाना क्षेत्र के तहत उपनगर टूटू के पास यादगार में एक दर्जी की दुकान का ताला तोड़कर सामान बाहर फेंकने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के अनुसार रतन लाल शर्मा निवासी ढाँडा शिमला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि मंगलवार को परमिंदर और सपना नाम के दो लोगों ने उनकी यादगार स्थित दर्ज़ी की दुकान का ताला बिना किसी कानूनी नोटिस के तोड़ दिया और जबरन दुकान के अंदर प्रवेश किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने दुकान के अंदर रखा सामान बाहर फेंक दिया।
शिकायत में बताया गया है कि दुकान से करीब आठ सिलाई मशीनें, 25 से 30 कपड़ों के पीस, 15 से 20 सिले हुए कपड़े, एक काउंटर और अन्य सामान बाहर निकाल दिया गया, जिससे उन्हें नुकसान हुआ है। इस घटना के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना बालूगंज में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329(4) और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल थाना बालूगंज के एसएचओ मामले की जांच कर रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला