Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फर्रुखाबाद,15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद के किसानों ने गौशालाओं में आलू भी खिलाने की नीति बनाने की मांग दुग्ध विकास एवं पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह से की है।
आलू विकास विपणन सहकारी संघ के निदेशक अशोक कटियार के नेतृत्व में इस संबंध में एक पत्र बुधवार को पशुधन विकास मंत्री को सम्बोधित भेजा गया, जिसमें कहा गया कि आलू की मंदी से किसान अत्यधिक परेशान हैं। सरकार गौशालाओं में छह से 10 रुपये में भूसा खरीद कर खिला रही है। आलू पौष्टिक व सस्ता पशु चारा है, जिससे किसानों को भी फायदा होगा और सरकार को राजस्व की बचत होगी।
अशोक कटियार ने कहा कि आलू किसानों के हित में तत्काल नीति बनायी जाए तथा संसद, विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिल कर मांग की जाएगी। किसान आलू पर छाई मंदी से परेशान है।
पत्र देने में भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अतुल कुमार दीक्षित, प्रभाकर राजपूत, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामलड़ैते राजपूत, ममता सिंह, सभासद अजीत दिवाकर शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar